EIL Recruitment 2026: अगर आप इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और अच्छे अनुभव के साथ एक सरकारी कंपनी में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपके लिए शानदार अवसर है। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) ने एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-II और ग्रेड-III के कुल 41 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। खास बात यह है कि इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बजाय इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 72 हजार रुपये से लेकर 96 हजार रुपये तक का समेकित वेतन मिलेगा।
आवेदन की तारीख याद रखें
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 30 जून 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। वहीं इंटरव्यू का आयोजन 13 जुलाई 2026 से प्रस्तावित है। ऐसे में योग्य उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लेना चाहिए।
ये भी पढ़ें: दिल्ली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! TGT समेत कई पदों पर निकली भर्ती, तुरंत करें आवेदन
किन पदों पर होगी भर्ती?
ईआईएल इस भर्ती अभियान के तहत एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-II के 15 और ग्रेड-III के 26 पदों को भरेगा। ग्रेड-II में प्रोसेस, मैकेनिकल और एनवायरनमेंट/वॉटर/सेफ्टी जैसे विभाग शामिल हैं। वहीं ग्रेड-III के लिए प्रोसेस, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, पाइपिंग, मैटेरियल्स/कोरोजन और स्ट्रक्चरल/सिविल विषयों में नियुक्तियां की जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन?

उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में बीई, बीटेक या बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 60 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए जरूरी है। इसके अलावा संबंधित पद के अनुसार पोस्ट-क्वालिफिकेशन कार्यानुभव भी अनिवार्य रखा गया है। आयु सीमा की बात करें तो ग्रेड-II पदों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष और ग्रेड-III के लिए 41 वर्ष निर्धारित की गई है। इसकी गणना 31 मई 2026 के आधार पर की जाएगी।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन केवल वॉक-इन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के दौरान तकनीकी जानकारी, कार्यानुभव और प्रोफेशनल स्किल्स का मूल्यांकन किया जाएगा। साक्षात्कार गुरुग्राम, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और वडोदरा सहित कई शहरों में आयोजित किए जाने की योजना है।
ये भी पढ़ें: बैंक ऑफ बड़ौदा में निकली बंपर भर्ती, 06 जुलाई से पहले कर लें आवेदन!
आवेदन से पहले यह जानकारी भी जान लें
इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1965 में हुई थी और यह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करने वाला नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (PSU) है। भर्ती नोटिफिकेशन में किसी आवेदन शुल्क का उल्लेख नहीं किया गया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के Careers सेक्शन में विज्ञापन संख्या HRD/Rectt./Advt./2026-27/05 देखकर अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।

नगमा, एक प्रोफेशनल डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं जैसे विषयों पर लिखने का 3 साल का अनुभव है। वर्तमान में वह Hind 24 के साथ जुड़ी हुई हैं।






