How To Get 80 Gram Protein Daily: स्वस्थ शरीर और मजबूत मांसपेशियों के लिए प्रोटीन सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक माना जाता है। यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ मांसपेशियों की मजबूती बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। शारदा हॉस्पिटल में सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, डॉ. श्रेय श्रीवास्तव के अनुसार, 60 से 80 किलो वजन वाले एक सामान्य व्यक्ति को रोजाना करीब 80 ग्राम प्रोटीन लेना चाहिए। सही खानपान अपनाकर इस जरूरत को आसानी से पूरा किया जा सकता है।
दिन की शुरुआत करें प्रोटीन वाले नाश्ते से
एक्सपर्ट के मुताबिक सुबह का नाश्ता प्रोटीन से भरपूर होना चाहिए। इसके लिए दो अंडे और बेसन का चीला अच्छा विकल्प हो सकते हैं। दो अंडों से करीब 12 ग्राम प्रोटीन मिलता है, जबकि दो चीलों में इस्तेमाल होने वाले 50 से 60 ग्राम बेसन से लगभग 15 से 18 ग्राम प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है। इस तरह दिन की शुरुआत में ही शरीर को अच्छी मात्रा में प्रोटीन मिल जाता है।
ये भी पढ़ें: जबड़े का दर्द, सिरदर्द और कान दर्द… कहीं ये TMJ Disorder का संकेत तो नहीं?
दोपहर में सोयाबीन से बढ़ाएं प्रोटीन
दोपहर 12 बजे के आसपास 50 ग्राम सोया चंक्स का सेवन भी फायदेमंद माना गया है। इस मात्रा में लगभग 25 से 26 ग्राम प्रोटीन मिलता है। अगर कोई व्यक्ति वजन कम करने की कोशिश कर रहा है तो सोयाबीन लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद कर सकता है। हालांकि, अपनी भूख और जरूरत के अनुसार इसकी मात्रा कम या ज्यादा की जा सकती है।
इवनिंग स्नैक्स में चुनें हेल्दी विकल्प

शाम के समय एक मुट्ठी मूंगफली, भुना चना और चार से पांच बादाम खाए जा सकते हैं। इसके साथ एक चम्मच अलसी या चिया सीड्स भी डाइट में शामिल किए जा सकते हैं। इन विकल्पों से करीब 15 से 19 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है। इस तरह नाश्ता, मिड-डे स्नैक और इवनिंग स्नैक्स के जरिए लगभग 60 से 70 ग्राम प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है।
लंच और डिनर में करें संतुलित चुनाव
दिनभर की बची हुई प्रोटीन जरूरत को पूरा करने के लिए लंच और डिनर में दाल, राजमा, छोले, पनीर या चिकन जैसी चीजों को शामिल किया जा सकता है। वहीं, शाकाहारी लोग सोया, टोफू और अंकुरित दालों को अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि संतुलित भोजन के साथ पर्याप्त पानी पीना और नियमित व्यायाम करना भी जरूरी है, ताकि शरीर प्रोटीन का सही तरीके से उपयोग कर सके।
ये भी पढ़ें: पेट से लेकर दिमाग तक, कई समस्याओं में कारगर है अपराजिता, आचार्य बालकृष्ण ने बताया सही इस्तेमाल
Disclaimer: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। किसी भी फिटनेस प्रोग्राम की शुरुआत करने, डाइट में बदलाव करने या किसी स्वास्थ्य समस्या के लिए उपाय अपनाने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। इस जानकारी में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।

तानिया, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक अनुभवी लेखिका हैं, जिन्हें हेल्थ और बिजनेस विषयों पर 4 वर्षों का अनुभव है। स्वास्थ्य और बिजनेस से जुड़ी सटीक व भरोसेमंद जानकारी साझा करती हैं और वर्तमान में Hind 24 के लिए कार्यरत हैं।






