March 29, 2026
सोने पर टैक्स नियम 2026 भारत

Gold Tax Rules 2026: सोने की खरीद-बिक्री पर टैक्स का पूरा गणित

Business News: Gold Tax Rules 2026: सोना खरीदने-बेचने पर लगने वाले टैक्स, GST, LTCG, ETF, SGB और गिफ्ट-इनहेरिटेंस नियमों की पूरी जानकारी एक लाइन में समझें

Gold Tax Rules India 2026: भारत में सोना सिर्फ गहना या परंपरा नहीं, बल्कि सबसे भरोसेमंद निवेश माना जाता है। लेकिन 2026 में बदलते टैक्स नियमों के बीच सोने में निवेश करना अब केवल भावनाओं का नहीं, बल्कि समझदारी भरे टैक्स प्लानिंग का फैसला बन चुका है।

फिजिकल गोल्ड, ज्वैलरी, गोल्ड ETF, डिजिटल गोल्ड, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) या विरासत में मिला सोना-हर फॉर्म पर टैक्स के अलग-अलग नियम लागू होते हैं। अगर आपने बिना जानकारी के सोना खरीदा या बेचा, तो मुनाफा कमाने की जगह टैक्स का भारी बोझ उठाना पड़ सकता है।

सोना खरीदते समय ही शुरू हो जाता है टैक्स का खेल

सोना खरीदते समय ही शुरू हो जाता है टैक्स का खेल

सोना खरीदते ही टैक्स की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। अगर आप फिजिकल गोल्ड, ज्वैलरी या डिजिटल गोल्ड खरीदते हैं, तो आपको 3% GST देना होता है। इसके अलावा ज्वैलरी पर लगने वाले मेकिंग चार्ज पर अलग से 5% GST लगता है, जो कीमत को और बढ़ा देता है। हालांकि गोल्ड ETF, गोल्ड म्यूचुअल फंड और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड खरीदने पर GST नहीं देना होता, जिससे ये विकल्प टैक्स के लिहाज से ज्यादा स्मार्ट माने जाते हैं।

अगर आप विदेश से सोना मंगवाते हैं (इम्पोर्ट), तो उस पर 6% कस्टम ड्यूटी देनी होगी। वहीं, विरासत में मिला सोना पूरी तरह टैक्स फ्री होता है क्योंकि भारत में इनहेरिटेंस टैक्स नहीं है। लेकिन गिफ्ट में मिला सोना कहानी बदल देता है-करीबी रिश्तेदार से मिला तो टैक्स नहीं, लेकिन अगर गैर-रिश्तेदार से एक साल में ₹50,000 से ज्यादा का सोना मिला, तो उस पर “Income from Other Sources” के तहत टैक्स देना होगा।

ये भी पढ़ें: वैलेंटाइन डे पर सोने की चमक बढ़ी, तो चांदी हुई सस्ती; पार्टनर को तोहफा देने से पहले चेक करें लेटेस्ट रेट!

सोना बेचते वक्त टैक्स का असली इम्तिहान

सोना बेचते वक्त टैक्स का असली इम्तिहान

23 जुलाई 2024 के बाद गोल्ड टैक्सेशन के नियमों में बड़ा बदलाव हुआ, जिसका असर 2026 तक पूरी तरह दिख रहा है।
अब फिजिकल गोल्ड, ज्वैलरी, डिजिटल गोल्ड और गोल्ड म्यूचुअल फंड को अगर 24 महीने से कम रखा गया है तो वह शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन (STCG) माना जाएगा और आपकी इनकम स्लैब के हिसाब से टैक्स लगेगा। अगर 24 महीने से ज्यादा रखा गया है, तो वह लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन (LTCG) होगा और उस पर बिना इंडेक्सेशन के 12.5% टैक्स लगेगा।

ETF और SGB के लिए अलग नियम, अलग रणनीति

गोल्ड ETF के लिए लॉन्ग टर्म की सीमा सिर्फ 12 महीने है। यानी 12 महीने से ज्यादा होल्ड करने पर 12.5% LTCG टैक्स लगेगा। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) के नियम अब और सख्त हो गए हैं। अब सिर्फ वही SGB टैक्स फ्री होंगे जो प्राथमिक इश्यू में खरीदे गए हों और मैच्योरिटी तक लगातार होल्ड किए गए हों। अगर आपने SGB सेकेंडरी मार्केट से खरीदा है या मैच्योरिटी से पहले बेच दिया, तो होल्डिंग पीरियड के हिसाब से STCG या 12.5% LTCG टैक्स देना होगा।

विरासत में मिला सोना भी टैक्स से नहीं बचता

विरासत में मिला सोना भी टैक्स से नहीं बचता

भले ही विरासत में मिला सोना खरीदते समय टैक्स फ्री हो, लेकिन जब आप उसे बेचते हैं, तब कैपिटल गेन टैक्स जरूर लगेगा। इसमें खरीद की कीमत और होल्डिंग पीरियड आपके नहीं, बल्कि मूल मालिक (दादी-नानी, माता-पिता आदि) की खरीद तारीख से गिना जाएगा। अगर कुल होल्डिंग 24 महीने से ज्यादा हुई, तो 12.5% LTCG टैक्स देना होगा।

टैक्स से बचने का स्मार्ट तरीका: घर में बदल दें सोने का मुनाफा

अगर आप सोना बेचकर मिले पूरे पैसे से तय समय में एक रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी खरीद लेते हैं, तो आयकर अधिनियम की धारा 54F के तहत लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन पर टैक्स से छूट मिल सकती है। यानी सही प्लानिंग से सोने का मुनाफा टैक्स फ्री घर में बदला जा सकता है-यही है स्मार्ट इन्वेस्टमेंट की असली रणनीति।

निवेश से पहले नियम जानना ही असली कमाई है

2026 में सोने में निवेश अब सिर्फ भावनाओं का खेल नहीं, बल्कि टैक्स प्लानिंग और फाइनेंशियल समझ का फैसला बन चुका है। GST, कैपिटल गेन टैक्स, गिफ्ट टैक्स, इनहेरिटेंस टैक्स, SGB के नए नियम-हर लेयर में टैक्स जुड़ा है। जो निवेशक नियम समझकर सोना खरीदते और बेचते हैं, वही असली मुनाफा कमाते हैं। बाकी लोग सिर्फ चमक देखकर निवेश करते हैं और टैक्स में बड़ा हिस्सा गंवा बैठते हैं।

खबर शेयर करें: