Dollar-Rupee Swap Facility: भारतीय रिजर्व बैंक ने विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने और रुपये को समर्थन देने के उद्देश्य से बैंकों के लिए अमेरिकी डॉलर-रुपया स्वैप सुविधा शुरू की है। यह सुविधा प्रवासी भारतीयों (NRI) द्वारा बैंकों में जमा किए जाने वाले नए फॉरेन करेंसी नॉन-रेसिडेंट (बैंक) यानी FCNR(B) डिपॉजिट पर लागू होगी। इस कदम से बैंकों को विदेशी मुद्रा जुटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ऐसे काम करेगी व्यवस्था
इस योजना के तहत जब कोई एनआरआई भारतीय बैंक में विदेशी मुद्रा जमा करेगा, तो बैंक उस राशि को डॉलर के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक के साथ स्वैप व्यवस्था के तहत जमा करेगा। निर्धारित अवधि पूरी होने पर भारतीय रिजर्व बैंक उसी पूर्व-निर्धारित विनिमय दर पर बैंक को डॉलर वापस देगा। इससे बैंकों को विनिमय दरों में होने वाले उतार-चढ़ाव का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: पैसे कम, फायदा ज्यादा! इस पेनी स्टॉक ने पहली बार बोनस शेयर देने का किया ऐलान
ब्याज दरों में हो सकता है इजाफा

विशेषज्ञों का मानना है कि इस सुविधा से FCNR(B) जमा पर ब्याज दरें 6 से 6.5 प्रतिशत तक पहुंच सकती हैं। वहीं, बैंकों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने की स्थिति में कुछ विशेष अवधियों के लिए यह दर 7 प्रतिशत तक भी जा सकती है। वर्तमान में कई प्रमुख बैंक FCNR(B) जमा पर अपेक्षाकृत कम ब्याज दरें प्रदान कर रहे हैं।
योजना की प्रमुख शर्तें
इस सुविधा के तहत बैंक भारतीय रिजर्व बैंक के साथ कम से कम 10 लाख डॉलर या उसके गुणक में लेनदेन कर सकेंगे। यह व्यवस्था केवल उन जमाओं पर लागू होगी जिनकी अवधि न्यूनतम तीन वर्ष और अधिकतम पांच वर्ष होगी। एनआरआई पाउंड, यूरो या अन्य प्रमुख विदेशी मुद्राओं में भी जमा कर सकते हैं, लेकिन बैंक और भारतीय रिजर्व बैंक के बीच स्वैप लेनदेन केवल अमेरिकी डॉलर में होगा। इसके अलावा जमाकर्ता एक वर्ष से पहले राशि नहीं निकाल सकेंगे और एक बार किया गया स्वैप सौदा बीच में रद्द नहीं किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें: सोना खरीदने जा रहे हैं? पहले देख लें आज का लेटेस्ट गोल्ड और सिल्वर रेट
अभी कितनी मिल रही है ब्याज दर
वर्तमान में प्रमुख बैंकों में अमेरिकी डॉलर आधारित FCNR(B) जमा पर ब्याज दरें लगभग 3.85 प्रतिशत से 5 प्रतिशत के बीच हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा एक से दो वर्ष की जमा अवधि पर 5 प्रतिशत तक ब्याज दे रहा है। वहीं एसबीआई और कोटक महिंद्रा बैंक लगभग 4.40 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 4 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 3.95 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 3.85 प्रतिशत तक ब्याज प्रदान कर रहे हैं। नई स्वैप सुविधा के बाद इन दरों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।






