SBI Bank Holiday: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के करोड़ों ग्राहकों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। अगर आपका बैंक की शाखा में जाकर किया जाने वाला कोई महत्वपूर्ण काम बकाया है, तो उसे तुरंत निपटा लें। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच देश के कई राज्यों में एसबीआई की शाखाएं लगातार 6 दिनों तक बंद रह सकती हैं।
इस लंबी अवधि में चौथे शनिवार, रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के साथ-साथ कर्मचारियों की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल और बकरीद (ईद-उल-अजहा) का त्योहार एक साथ आ रहा है। इस SBI Bank Holiday के कारण चेक क्लीयरेंस, डिमांड ड्राफ्ट (DD) बनवाने, लॉकर ऑपरेट करने और ऑफलाइन केवाईसी (KYC) अपडेट जैसे कामों के लिए ग्राहकों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
ऑनलाइन बैंकिंग से मिलेगी राहत
राहत की बात यह है कि इस महा-बंदी के दौरान भी एसबीआई की डिजिटल सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। बैंक प्रबंधन के अनुसार, ग्राहकों को नकदी संकट या लेन-देन में परेशानी न हो, इसके लिए एटीएम (ATM) सेवाओं को सुचारू रखा जाएगा। इसके अलावा, यूपीआई (UPI), इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग ऐप (YONO SBI) के जरिए पैसे ट्रांसफर करने या ऑनलाइन भुगतान करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। हालांकि, जो काम केवल होम ब्रांच में जाकर ही संभव हैं, वे पूरी तरह ठप रहेंगे।
ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल फिर हुआ महंगा, 5 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम
जानिए किस दिन क्यों बंद रहेंगे बैंक
- 23 मई 2026 (चौथा शनिवार): आरबीआई (RBI) के नियमानुसार महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंकिंग कामकाज बंद रहेगा।
- 24 मई 2026 (रविवार): साप्ताहिक अवकाश होने की वजह से सभी बैंक शाखाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।
- 25 मई 2026 (सोमवार): ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन द्वारा बुलाई गई दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का पहला दिन।
- 26 मई 2026 (मंगलवार): एसबीआई कर्मचारी संगठन की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल का दूसरा और अंतिम दिन।
- 27 मई 2026 (बुधवार): बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार के चलते देश के अधिकांश राज्यों और प्रमुख शहरों में सरकारी अवकाश।
- 28 मई 2026 (गुरुवार): कुछ चुनिंदा राज्यों और शहरों (जैसे बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई आदि) में बकरीद के त्योहार के मद्देनजर बैंकों में छुट्टी रहेगी।
बकरीद की छुट्टियां
आरबीआई के आधिकारिक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में बकरीद अलग-अलग तारीखों पर मनाई जाएगी। 27 मई को नई दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद, देहरादून, श्रीनगर, जम्मू, अहमदाबाद, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम सहित देश के अधिकांश प्रमुख शहरों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 28 मई को बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर, पटना, नागपुर, पणजी, बेलापुर के साथ-साथ जम्मू और श्रीनगर में भी बैंकों में अवकाश रहेगा। जम्मू-कश्मीर में 27 और 28 मई दोनों दिन बैंक बंद रहेंगे।
ये भी पढ़ें: शेयर ट्रेडिंग शुरू करने जा रहे हैं? पहले जान लें ये जरूरी खर्चे
हड़ताल की वजह
स्टेट बैंक कर्मचारियों के संगठन (फेडरेशन) ने कई गंभीर मांगों को लेकर इस दो दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है। कर्मचारियों का आरोप है कि बैंक में आउटसोर्सिंग (ठेकेदारी प्रथा) तेजी से बढ़ रही है, जिससे ग्रामीण युवाओं और पिछड़े वर्गों (SC/ST/OBC) के लिए स्थायी नौकरियों के अवसर खत्म हो रहे हैं। संगठन के नेताओं का कहना है कि नई भर्तियां ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ के समान हैं। इसके अलावा, बैंकों में सशस्त्र सुरक्षा गार्डों की घटती संख्या और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में सुधार न होने को लेकर भी स्टाफ में भारी नाराजगी है।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।






