
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान महामुकाबला | Image - X/@ANI
India vs Pakistan T20 World Cup: भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कन होता है। T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत द्वारा पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त देने के बाद एक बार फिर यही सवाल हर फैन के मन में उठ रहा है-क्या इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों का आमना-सामना दोबारा हो सकता है? आइए पूरे समीकरण को आसान भाषा में समझते हैं।
भारत की ऐतिहासिक जीत का असर

रविवार को खेले गए लीग मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 स्टेज के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह जीत सिर्फ अंकतालिका की नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक बढ़त की भी बड़ी कहानी है।
पाकिस्तान के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति

पाकिस्तान की टीम के लिए आगे का रास्ता अब बेहद कठिन हो गया है। सुपर-8 में पहुंचने के लिए उसे नामीबिया को हराना जरूरी है। 18 फरवरी को दोपहर 3 बजे होने वाला यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए क्वालिफिकेशन का आखिरी मौका है। एक हार सीधे तौर पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा पैदा कर सकती है।
ये भी पढ़ें: ईशान के तूफान पर सहवाग का गदर ट्वीट: बोले- विपक्षी टीम की कर दी ‘फुल कंबल कुटाई’
टूर्नामेंट का फॉर्मेट क्या कहता है?
T20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप (A, B, C, D) में बांटा गया है। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। सुपर-8 में 8 टीमों को दो ग्रुप (ग्रुप 1 और ग्रुप 2) में बांटा जाएगा, जहां राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले होंगे। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी और वहीं से फाइनल का रास्ता तय होगा।
ICC प्री-सीडिंग सिस्टम का बड़ा रोल
ICC के प्री-सीडिंग सिस्टम के तहत भारत को X1 सीड और पाकिस्तान को Y3 सीड दिया गया है। इस सिस्टम के मुताबिक भारत और पाकिस्तान को सुपर-8 में अलग-अलग ग्रुप में रखा जाएगा। मतलब साफ है-सुपर-8 स्टेज में भारत-पाकिस्तान मुकाबला संभव नहीं है।
सुपर-8 में क्यों नहीं होगा भारत-पाकिस्तान मैच?
क्योंकि सुपर-8 में टीमें सिर्फ अपने ही ग्रुप की टीमों से खेलती हैं और भारत व पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में होंगे। इसलिए इस स्टेज पर दोबारा भिड़ंत का कोई रास्ता नहीं बनता।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK T20 Match: धूल चाट गया पाकिस्तान! टीम इंडिया ने 61 रनों से धोया!
फाइनल में टकराव का सपना कितना सच?
भारत-पाकिस्तान मुकाबला अब सिर्फ एक ही सूरत में संभव है-फाइनल में। अगर दोनों टीमें अपने-अपने सुपर-8 मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचती हैं और वहां भी जीत दर्ज करती हैं, तभी दोनों का आमना-सामना फाइनल में हो सकता है। इतिहास गवाह है कि दोनों टीमें सिर्फ एक बार T20 वर्ल्ड कप फाइनल में भिड़ी हैं-2007 में, जब भारत ने खिताब जीता था।
भारत का कन्फर्म्ड सुपर-8 शेड्यूल
X1 सीड होने के कारण भारत का सुपर-8 शेड्यूल पहले से तय है:
- 22 फरवरी: भारत vs साउथ अफ्रीका – अहमदाबाद, शाम 7 बजे
- 26 फरवरी: भारत vs ऑस्ट्रेलिया/जिम्बाब्वे – चेन्नई, शाम 7 बजे
- 1 मार्च: भारत vs वेस्टइंडीज – कोलकाता, शाम 7 बजे
सेमीफाइनल और फाइनल का रास्ता
हर सुपर-8 ग्रुप से टॉप-2 टीमें 4 और 5 मार्च को सेमीफाइनल खेलेंगी। इसके बाद जीतने वाली दो टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। यहीं से भारत-पाकिस्तान फाइनल का सपना हकीकत बन सकता है।

तानिया, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक अनुभवी लेखिका हैं। जिन्हें क्रिकेट, फिल्में, मूवी रिव्यू, ट्रेंडिंग खबरें, लाइफस्टाइल और बिजनेस जैसे विषयों पर कंटेंट लिखने का 4 वर्षों का अनुभव है। वह Hind 24 के लिए काम कर रही हैं।


