BYD Seal U Hybrid India Launch: दुनिया की प्रमुख इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी BYD ने भारत में अपनी नई DM-i Super Plug-in Hybrid EV तकनीक पेश कर दी है। कंपनी अब तक भारतीय बाजार में केवल इलेक्ट्रिक कारों पर फोकस कर रही थी, लेकिन अब वह हाइब्रिड सेगमेंट में भी कदम रखने जा रही है। इस नई तकनीक के साथ आने वाली पहली कार BYD Seal U होगी, जिसे इस साल के अंत तक लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: Tata Punch का नया अवतार: अब पेट्रोल-डीजल नहीं, इस सस्ते फ्यूल पर दौड़ेगी SUV
पहली Plug-in Hybrid कार होगी BYD Seal U
BYD Seal U भारत में कंपनी की पहली Plug-in Hybrid कार होगी। यह मॉडल बैटरी और पेट्रोल इंजन दोनों के संयोजन के साथ आएगा। कंपनी का उद्देश्य इस तकनीक के जरिए इलेक्ट्रिक ड्राइविंग अनुभव को प्राथमिकता देना है, जबकि लंबी दूरी के लिए इंजन अतिरिक्त सहायता प्रदान करेगा।
बैटरी, इंजन और रेंज का दावा

DM-i Super Plug-in Hybrid EV तकनीक में 1.5 लीटर डायरेक्ट इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन, डुअल इलेक्ट्रिक मोटर और 18.3kWh बैटरी पैक दिया जाएगा। कंपनी के अनुसार, यह सिस्टम बेहतर थर्मल एफिशिएंसी के साथ काम करेगा। BYD का दावा है कि कार 100 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए केवल 4.8 लीटर पेट्रोल का उपयोग करेगी, जबकि इलेक्ट्रिक मोटर 97.5 फीसदी एफिशिएंसी के साथ काम करेगी। फुल टैंक और फुल चार्ज की स्थिति में यह कार 1200 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम होगी।
ऑटोमैटिक मोड स्विचिंग की सुविधा
बैटरी पूरी तरह चार्ज होने पर कार पहले इलेक्ट्रिक मोड में चलेगी और लगभग 70 किलोमीटर तक केवल बैटरी से सफर कर सकेगी। सामान्य परिस्थितियों में पेट्रोल इंजन पावर जनरेटर की तरह काम करेगा और इलेक्ट्रिक मोटर को ऊर्जा देगा। वहीं, अधिक पावर की जरूरत होने पर इंजन सीधे वाहन को पावर सप्लाई करेगा। यह पूरी प्रक्रिया ऑटोमैटिक होगी, जिससे कार EV, Series Hybrid और Parallel Hybrid मोड के बीच बिना किसी मैन्युअल हस्तक्षेप के स्विच करती रहेगी।
ये भी पढ़ें: Maruti Fronx का नया अवतार लॉन्च: पहले से ज्यादा स्टाइलिश और दमदार!
V2L फीचर भी मिलेगा
BYD Seal U में Vehicle-to-Load (V2L) फीचर भी दिया जाएगा। इस सुविधा की मदद से कार की बैटरी का उपयोग बाहरी इलेक्ट्रिक उपकरणों को चलाने के लिए भी किया जा सकेगा, जिससे यह केवल एक वाहन ही नहीं बल्कि जरूरत पड़ने पर एक पोर्टेबल पावर सोर्स के रूप में भी काम करेगी।

रायमीन, एक अनुभवी कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल विषयों पर लिखने का 3 वर्षों का अनुभव है। वह Hind 24 के साथ जुड़ी हुई हैं और पाठकों तक सटीक व उपयोगी जानकारी पहुंचाती हैं।






