Abhijit Dipke Education: सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) नाम तेजी से चर्चा में है। यह कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक डिजिटल अभियान है जिसने इंटरनेट पर अलग पहचान बना ली है। इसकी शुरुआत सुप्रीम कोर्ट में हुई एक टिप्पणी के बाद हुई, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कुछ बेरोजगार युवाओं के रवैये पर नाराजगी जताते हुए ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया था।
इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी। इसी बीच युवा पॉलिटिकल कम्युनिकेशन एक्सपर्ट अभिजीत दीपके ने इसे व्यंग्यात्मक अंदाज में डिजिटल आंदोलन का रूप दे दिया। उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से इंस्टाग्राम पेज बनाया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। इंटरनेट यूजर्स ने इसे केवल मजाक के तौर पर नहीं, बल्कि युवाओं की नाराजगी और डिजिटल विरोध के प्रतीक के रूप में भी देखा।
Instagram पर BJP को पीछे छोड़ने का दावा
कॉकरोच जनता पार्टी की लोकप्रियता का अंदाजा इसके सोशल मीडिया आंकड़ों से लगाया जा सकता है। इंस्टाग्राम पर @cockroachjantaparty नाम के हैंडल ने कुछ ही समय में करोड़ों यूजर्स का ध्यान खींच लिया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस पेज के फॉलोअर्स की संख्या 10.3 मिलियन यानी 1.03 करोड़ से अधिक पहुंच चुकी है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली से यूपी-बिहार तक स्कूल बंद, जानें किस राज्य में कितने दिनों की छुट्टियां घोषित
दिलचस्प बात यह है कि यह आंकड़ा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से भी ज्यादा बताया जा रहा है। बीजेपी के इंस्टाग्राम पर फिलहाल लगभग 8.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इसी वजह से यह डिजिटल अभियान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेंड दर्शाता है कि आज के दौर में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक भावनाओं को व्यक्त करने का बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
कॉकरोच जनता पार्टी के पीछे जिस शख्स का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है, वह हैं अभिजीत दीपके। महज 30 साल की उम्र में उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसा नैरेटिव तैयार किया, जिसने लाखों युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया। अभिजीत मूल रूप से महाराष्ट्र से हैं और उन्होंने पुणे से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है। मीडिया और कम्युनिकेशन में रुचि रखने वाले अभिजीत ने इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका का रुख किया। वहां उन्होंने प्रतिष्ठित Boston University से पब्लिक रिलेशंस (PR) में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उनकी शिक्षा और प्रोफेशनल बैकग्राउंड ने उन्हें डिजिटल मीडिया की गहरी समझ दी, जिसका असर उनके सोशल मीडिया कैंपेन में साफ दिखाई देता है।
डिजिटल नैरेटिव तैयार करने में माहिर
अभिजीत दीपके पेशे से पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट हैं। उनका काम राजनीतिक दलों और अभियानों के लिए डिजिटल रणनीति तैयार करना है। वे सोशल मीडिया पर किसी मुद्दे को ट्रेंड कराने, युवाओं तक संदेश पहुंचाने और डिजिटल नैरेटिव बनाने में विशेषज्ञ माने जाते हैं। राजनीतिक कम्युनिकेशन की दुनिया में आज डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अभिजीत जैसे युवा रणनीतिकार सोशल मीडिया की ताकत का इस्तेमाल करके बड़े स्तर पर जनमत को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के वायरल होने के पीछे भी उनकी यही रणनीतिक समझ मानी जा रही है। उन्होंने एक विवादित टिप्पणी को ऐसा डिजिटल प्रतीक बना दिया, जिससे लाखों लोग जुड़ गए।
ये भी पढ़ें: 12वीं के बाद खाली मत बैठिए, ये स्किल्स सीखते ही कंपनियां खुद देंगी जॉब ऑफर
नौकरी की तलाश का भी किया खुलासा
सोशल मीडिया पर भारी लोकप्रियता हासिल करने के बावजूद अभिजीत दीपके खुद को आम युवाओं से अलग नहीं मानते। एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया कि वे अभी भी नौकरी के लिए लगातार आवेदन कर रहे हैं। उनका यह बयान इसलिए भी चर्चा में आया क्योंकि करोड़ों फॉलोअर्स वाले डिजिटल अभियान के पीछे खड़े व्यक्ति का खुद नौकरी तलाशना, आज के युवाओं की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है। यही कारण है कि कई युवा उनसे खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी भले ही व्यंग्य और सोशल मीडिया ट्रेंड के रूप में शुरू हुई हो, लेकिन इसने डिजिटल दौर में युवाओं की सोच, बेरोजगारी और ऑनलाइन राजनीतिक अभिव्यक्ति पर नई बहस जरूर छेड़ दी है।

नगमा, एक प्रोफेशनल डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं जैसे विषयों पर लिखने का 3 साल का अनुभव है। वर्तमान में वह Hind 24 के साथ जुड़ी हुई हैं।






