
हरियाणा में सरकारी टीचर बनने का सुनहरा मौका (Image - Freepik)
HPSC PGT Computer Science Vacancy: टीचर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए हरियाणा से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) कंप्यूटर साइंस के कुल 1672 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
इस भर्ती के तहत राज्य के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर साइंस विषय के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 9 मार्च तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं।
सरकारी स्कूलों में मिलेगी नौकरी

इस भर्ती के जरिए चयनित उम्मीदवारों को हरियाणा सरकार के अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर साइंस शिक्षक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा यह कदम उठाया गया है ताकि छात्रों को तकनीकी शिक्षा का मजबूत आधार मिल सके।
ये भी पढ़ें: SBI में बंपर भर्ती, 116 पदों पर निकली वैकेंसी, सालाना 50 लाख तक सैलरी का मौका!
कंप्यूटर साइंस जैसे आधुनिक विषय में शिक्षकों की भारी जरूरत को देखते हुए इतने बड़े स्तर पर यह भर्ती निकाली गई है। इससे राज्य में आईटी शिक्षा को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
योग्यता और जरूरी शर्तें
PGT कंप्यूटर साइंस पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास M.Sc कंप्यूटर साइंस, MCA या BE/B.Tech कंप्यूटर साइंस, कंप्यूटर इंजीनियरिंग या आईटी में डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही उम्मीदवारों के अंकों का प्रतिशत कम से कम 55 प्रतिशत होना चाहिए।
इसके अलावा अभ्यर्थी ने 10+2, बीए या एमए स्तर पर हिंदी या संस्कृत विषय पढ़ा होना चाहिए। उम्मीदवार का हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) या STET परीक्षा पास होना भी जरूरी है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभ्यर्थी शिक्षण योग्यता पर खरा उतरता है।
उम्र सीमा पर नजर रखें
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि आरक्षित वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को हरियाणा सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले अपनी श्रेणी के अनुसार आयु सीमा की पूरी जानकारी जरूर चेक कर लेनी चाहिए, ताकि बाद में आवेदन रिजेक्ट होने की स्थिति न बने।
आवेदन शुल्क की जानकारी
इस भर्ती प्रक्रिया में आवेदन शुल्क कैटेगरी के अनुसार तय किया गया है। सामान्य वर्ग और अन्य शेष उम्मीदवारों को 1000 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं आरक्षित वर्ग की महिला उम्मीदवारों और DESM (पूर्व सैनिकों के आश्रित) उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये रखा गया है। हरियाणा के PwBD उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।
तीन चरणों में होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन कुल तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें सफल उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद लिखित परीक्षा होगी, जिसमें संबंधित विषय की गहराई से परीक्षा ली जाएगी। अंतिम चरण में इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इन तीनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार होगी और उसी के अनुसार उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: भारतीय रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट के 11,127 पदों पर सीधी भर्ती, जानें कब से शुरू होंगे आवेदन!
लाख रुपये तक पहुंचेगी सैलरी
इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 47,600 रुपये से लेकर 1,51,100 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी दी जाएंगी। इतनी आकर्षक सैलरी के कारण यह भर्ती युवाओं के बीच काफी चर्चा में है और बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: hpsc.gov.in
- होमपेज पर मौजूद “New Registration” लिंक पर क्लिक करें
- अपनी बेसिक डिटेल भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें
- रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉग-इन करें
- आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी ध्यान से भरें
- जरूरी दस्तावेज (फोटो, सिग्नेचर, डिग्री सर्टिफिकेट आदि) अपलोड करें
- कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें
- फॉर्म सबमिट करने के बाद आवेदन की रसीद/प्रिंटआउट डाउनलोड कर सुरक्षित रखें

नगमा, एक प्रोफेशनल डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें लाइफस्टाइल, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं जैसे विषयों पर लिखने का 3 साल का अनुभव है। वर्तमान में वह Hind 24 के साथ जुड़ी हुई हैं।


