March 29, 2026
उत्तर प्रदेश में काले बादलों के बीच तेज आंधी और बारिश का मौसम

यूपी के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट (Image - Freepik)

UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो गई हैं, जिसके कारण बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और मौसम अस्थिर बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रविवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

मुरादाबाद मंडल में मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार मुरादाबाद मंडल के जिलों में भी मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। मुरादाबाद, रामपुर, संभल और अमरोहा समेत आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने बताया कि इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

50 किमी प्रति घंटा तक चल सकती हैं तेज हवाएं

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी भी देखने को मिल सकती है। मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थ नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इन इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है और बारिश के साथ तेज झोंके चलने की आशंका है।

ये भी पढ़ें: संभल में चाय वाले के बेटे देव ने यूपीएससी में गाड़ा झंडा, हासिल की 152वीं रैंक

इन जिलों में जारी हुआ बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिमी और तराई क्षेत्र के कई जिलों में भी बारिश और आंधी की संभावना जताई है। गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद और कन्नौज जैसे जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतम बुद्ध नगर में भी मौसम के अचानक खराब होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर चेतावनी

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थ नगर में ओले गिरने की आशंका व्यक्त की है। इसके साथ ही लगभग 40 से अधिक जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों ने किसानों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है।

बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान मौसम परिवर्तन के पीछे दो बड़े सिस्टम सक्रिय हैं। पहला सिस्टम बंगाल की खाड़ी में बन रहा है, जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे सटे अफगानिस्तान के क्षेत्र में सक्रिय हुआ है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में बादलों का घना जमाव हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।

ये भी पढ़ें: CM योगी की दोटूक! प्रदेश में तेल-गैस की किल्लत नहीं, जमाखोरी की तो होगी सख्त कार्रवाई

जेट स्ट्रीम की गति में बदलाव का प्रभाव

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर भारत के ऊपर से गुजर रही जेट स्ट्रीम की गति अब लगभग 95 नॉट रह गई है और इसकी ऊंचाई करीब 12.6 किलोमीटर दर्ज की गई है। मौसम कृषि तकनीकी अधिकारियों का कहना है कि इसी वजह से 15 और 16 मार्च को प्रदेश में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम के इस बदलाव से तापमान में थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।

आगरा समेत कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि रविवार को धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और ओलावृष्टि भी संभव है। सोमवार को पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि मौसम का यह अस्थिर दौर अभी जारी रह सकता है।

बुंदेलखंड में गर्मी का प्रकोप बरकरार

जहां एक ओर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का पूर्वानुमान है, वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। शनिवार को बांदा का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा और सामान्य से लगभग छह डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा हमीरपुर में 37.2 डिग्री और उरई में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश और हवाओं के कारण तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है।

खबर शेयर करें: