
यूपी में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी (Image - Freepik)
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। चिलचिलाती धूप और बढ़ते पारे के बीच अब आसमान से आफत बरसने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी की है, जिसमें गुरुवार और शुक्रवार को तेज रफ्तार ‘अंधड़’ और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की आशंका जताई गई है। सक्रिय होते पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण प्रदेश के जनजीवन पर इसका व्यापक असर पड़ने की संभावना है।
50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार से हवाओं की दिशा और गति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पहले जहां हवाओं की रफ्तार कम रहने का अनुमान था, वहीं अब मौसम वैज्ञानिकों ने इसे अपडेट करते हुए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक रहने की संभावना जताई है।
क्यों बदल रहा है मौसम?
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 5.9 डिग्री अधिक है। दिन में तेज धूप और रात में 17.6 डिग्री के न्यूनतम तापमान के बीच नमी का स्तर 86 प्रतिशत तक दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और मैदानी इलाकों में बने चक्रवाती तंत्र के कारण यह असंतुलन पैदा हुआ है।
ये भी पढ़ें: CM योगी की दोटूक! प्रदेश में तेल-गैस की किल्लत नहीं, जमाखोरी की तो होगी सख्त कार्रवाई
इन 23 जिलों में हाई अलर्ट
विभाग ने विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए वज्रपात (Lightning) की चेतावनी जारी की है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं जैसे जिलों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की प्रबल आशंका है।
20 और 21 मार्च का संकट: ओलावृष्टि बढ़ाएगी मुश्किलें
मौसम का यह सिलसिला केवल एक दिन का नहीं है। अनुमान है कि 19 मार्च से शुरू हुआ यह दौर 21 मार्च तक रुक-रुक कर जारी रहेगा। विशेष रूप से 20 मार्च को पूरे उत्तर प्रदेश में आंधी के साथ तेज बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में व्यापक गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से तो राहत मिलेगी।
सावधान रहें राहगीर
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। होर्डिंग, बड़े साइन बोर्ड, टिनशेड और छप्पर वाले मकानों के नीचे शरण लेना जानलेवा हो सकता है। पुराने जर्जर भवनों, बिजली के खंभों और कमजोर दीवारों से दूरी बनाए रखें। खुले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को स्थगित करने या पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद-दिल्ली के बीच दौड़ेगी ‘बुलेट’ जैसी रफ्तार: अब 4 घंटे का सफर मात्र 90 मिनट में होगा पूरा!
किसानों के लिए विशेषज्ञों की सलाह
यह मौसम किसानों के लिए बड़ी चिंता लेकर आया है। वर्तमान में रबी की फसलें खेतों में तैयार खड़ी हैं। 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और ओलावृष्टि फसलों को बिछा सकती हैं, जिससे पैदावार को भारी नुकसान पहुंच सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें और सिंचाई व कीटनाशकों के छिड़काव को फिलहाल रोक दें।
सेहत का रखें ख्याल
तेज आंधी के कारण उड़ने वाली धूल और वातावरण में बढ़ी नमी अस्थमा और एलर्जी के मरीजों के लिए संकट पैदा कर सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मौसम में सांस संबंधी परेशानियां बढ़ जाती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहर से घर लौटने पर हाथ-मुंह अच्छे से धोएं और गले को राहत देने के लिए गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें। गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहना और बाइक चलाते समय हेलमेट व चश्मे का प्रयोग करना अनिवार्य है।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


