
मुरादाबाद में 14-15 मार्च को 28 केंद्रों पर होगी यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा..
UP Police SI Exam 2026: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी है। 14 और 15 मार्च को महानगर के 28 परीक्षा केंद्रों पर यूपी पुलिस एसआई भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस और प्रशासन का फोकस परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।
कड़ी सुरक्षा में आयोजित होगी UP Police SI Exam
पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से उपनिरीक्षक के 4,543 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत 14 और 15 मार्च को लिखित परीक्षा आयोजित होगी। मुरादाबाद जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 65,120 अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। दो दिनों में चार पालियों में होने वाली इस परीक्षा के दौरान शहर के 28 परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवार परीक्षा देंगे। प्रशासन ने पहले से ही सभी केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: 18 मार्च को छात्रों के खातों में आएगी दूसरी किस्त, ऐसे चेक करें अपना नाम!
28 परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेंगे सैकड़ों पुलिसकर्मी
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर लगभग 450 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास करीब 500 से अधिक पुलिसकर्मी अलग से तैनात किए जाएंगे। इनकी जिम्मेदारी अभ्यर्थियों को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की होगी।
परीक्षा केंद्रों की क्षमता के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की क्षमता के अनुसार अलग-अलग सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिन केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, वहां एक एसआई को केंद्र प्रभारी बनाया जाएगा। साथ ही एक एसआई परीक्षा कंट्रोल रूम और एक एसआई चेकिंग के लिए तैनात रहेगा। इसके अलावा एक हेड कांस्टेबल, दो सिपाही और एक महिला सिपाही की ड्यूटी भी लगाई जाएगी।
ये भी पढ़ें: यूपी वालों सावधान! मार्च में ही शुरू हुआ ‘लू’ का तांडव, इस शहर ने तोड़ा रिकॉर्ड; पारा 37 डिग्री के पार
वहीं जिन परीक्षा केंद्रों पर 480 अभ्यर्थी होंगे, वहां केंद्र प्रभारी के रूप में एक इंस्पेक्टर तैनात रहेगा। इसके साथ दो एसआई, दो हेड कांस्टेबल, आठ कांस्टेबल और चार महिला सिपाही की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
पेपर ट्रांसपोर्ट से लेकर परीक्षा तक सख्त निगरानी
परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। ट्रेजरी से प्रश्नपत्र निकालने के दौरान मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पेपर ले जाने वाली टीम के साथ सुरक्षा बल मौजूद रहेगा ताकि किसी प्रकार की लीक या गड़बड़ी की आशंका न रहे। परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार गश्त भी कराई जाएगी।
सॉल्वर गैंग पर STF की विशेष नजर
पिछली भर्ती परीक्षाओं में सामने आए सॉल्वर गैंग के मामलों को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसटीएफ की टीम भी पहले से सक्रिय हो गई है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई परीक्षा में नकल कराने या गड़बड़ी करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: संभल में चाय वाले के बेटे देव ने यूपीएससी में गाड़ा झंडा, हासिल की 152वीं रैंक
दिल्ली और मेरठ से सबसे अधिक अभ्यर्थी
इस परीक्षा के लिए मुरादाबाद को कुल 45,120 अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें सबसे अधिक 12,087 अभ्यर्थी दिल्ली से आएंगे। इसके अलावा मेरठ के 11,396 और बुलंदशहर के 10,034 अभ्यर्थियों को भी यहां केंद्र आवंटित किया गया है। अमरोहा के करीब 1,300, बागपत के लगभग 2,000, बरेली के 4,000, बिजनौर के 2,000, गाजियाबाद के 300, रामपुर और संभल के करीब 600-600 तथा हरियाणा के 574 अभ्यर्थी मुरादाबाद में परीक्षा देंगे।
नकल की कोशिश पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति नकल कराने या व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी अभ्यर्थी निष्पक्ष माहौल में परीक्षा दे सकें।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


