
पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी रोकने को लेकर सीएम योगी का सख्त निर्देश | Image - X/@myogioffice
UP Fuel Supply Alert: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कथित कमी को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तर प्रदेश में ईंधन की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति तथा वितरण पूरी तरह सामान्य है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सीएम ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या समूह पेट्रोल-डीजल या गैस की जमाखोरी कर कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद फील्ड में जाकर स्थिति का निरीक्षण करें ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। सीएम ने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
त्योहारों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आने वाले चैत्र नवरात्र और अन्य धार्मिक आयोजनों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर, सहारनपुर के शाकुंभरी देवी मंदिर, मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी धाम और सीतापुर के ललिता देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में इन सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अयोध्या में रामनवमी को लेकर विशेष तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसलिए पुलिस और प्रशासन को पहले से व्यापक तैयारियां करनी होंगी। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था की जाए। पुलिस को फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना लागू करने को भी कहा गया।
ये भी पढ़ें: संभल में चाय वाले के बेटे देव ने यूपीएससी में गाड़ा झंडा, हासिल की 152वीं रैंक
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर निर्देश
बैठक में यह भी बताया गया कि 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या और मथुरा आने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
परीक्षा और ईद को देखते हुए सतर्कता
मुख्यमंत्री ने कहा कि 14-15 मार्च को सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा और 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। ऐसे में 21 मार्च तक का समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति न दी जाए और समाज-विरोधी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
ये भी पढ़ें: 14-15 मार्च को मुरादाबाद में होगी दरोगा भर्ती परीक्षा, 65 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
एसआई भर्ती परीक्षा के लिए कड़ी व्यवस्था
सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा इंटेलिजेंस तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने और सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तुरंत खंडन किया जा सके। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


