
मेगा रैपिड रेल परियोजना से 90 मिनट में मुरादाबाद से दिल्ली का सफर संभव होगा | Image Source : PTI
Moradabad Delhi Rapid Rail: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद को केंद्र सरकार की ओर से एक ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। मेगा रैपिड रेल परियोजना के तहत मुरादाबाद से दिल्ली का सफर महज 90 मिनट में पूरा करने की योजना तैयार की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
फिलहाल सड़क और रेल मार्ग से दिल्ली पहुंचने में चार से पांच घंटे तक का समय लग जाता है, लेकिन हाई स्पीड रैपिड रेल शुरू होने के बाद यह दूरी काफी कम हो जाएगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
चार चरणों में होगा निर्माण कार्य

इस मेगा रैपिड रेल प्रोजेक्ट को चार चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में पाकबड़ा से जोया तक रैपिड रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में जोया से गजरौला को जोड़ा जाएगा। तीसरे चरण में गजरौला से हापुड़ तक ट्रैक बिछाया जाएगा, जबकि चौथे और अंतिम चरण में हापुड़ से गाजियाबाद तक रैपिड रेल पहुंचाई जाएगी। इन चारों चरणों के पूरा होने के बाद मुरादाबाद सीधे दिल्ली से हाई स्पीड रैपिड रेल नेटवर्क के जरिए जुड़ जाएगा। यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: 9वीं-10वीं की छात्रवृत्ति में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, लाखों परिवारों को सीधी राहत!
20 जून तक तैयार होगी प्रोजेक्ट विजन रिपोर्ट
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि मुरादाबाद से दिल्ली को जोड़ने वाली इस मेगा रैपिड रेल परियोजना के लिए “प्रोजेक्ट विजन” रिपोर्ट लगभग तैयार हो चुकी है। उम्मीद है कि यह रिपोर्ट 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी। प्रोजेक्ट विजन के आधार पर आगे की विस्तृत रणनीति और कार्ययोजना तैयार की जाएगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद भूमि अधिग्रहण, तकनीकी सर्वे और निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं को गति दी जाएगी, ताकि तय समयसीमा में काम शुरू किया जा सके।
10 हजार करोड़ की लागत, 2026 से निर्माण शुरू

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 10 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। योजना के अनुसार वर्ष 2026 में निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। हाई स्पीड रैपिड रेल को हाईवे के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क यातायात प्रभावित नहीं होगा। एलिवेटेड ट्रैक बनने से जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी और दिल्ली-मुरादाबाद के बीच सफर अधिक सुरक्षित और तेज हो जाएगा।
मुरादाबाद, अमरोहा और रामपुर को मिलेगा सीधा लाभ
मेगा रैपिड रेल परियोजना के शुरू होने से मुरादाबाद के साथ-साथ अमरोहा और रामपुर जैसे आसपास के जिलों के लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा। दिल्ली में नौकरी करने वाले लोगों के लिए रोजाना अप-डाउन आसान हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: होली से पहले ही तपने लगा यूपी, कानपुर में टूटा सीजन का रिकॉर्ड, अन्य जिलों में भी बढ़ी गर्मी
व्यापारियों को राजधानी के बाजारों तक तेज पहुंच मिलेगी, जिससे कारोबार को गति मिलेगी। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को समय और खर्च दोनों की बचत होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


