
IND vs SA: अहमदाबाद में टूटा करोड़ों फैंस का दिल | Image - FB/@IndianCricketTeam
IND vs SA T20 WC 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा। टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड के अपने पहले ही मुकाबले में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रनों की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
मार्करम का दांव पड़ा भारी

मुकाबले की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का साहसिक फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 187 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ये भी पढ़ें: ईशान के तूफान पर सहवाग का गदर ट्वीट: बोले- विपक्षी टीम की कर दी ‘फुल कंबल कुटाई’
किलर-मिलर के नाम से मशहूर डेविड मिलर ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। मिलर ने महज 35 गेंदों पर 63 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वहीं, युवा सनसनी डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 और ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 44 रनों का योगदान देकर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं।
बुमराह की मेहनत पर फिर पानी

भारत की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई और 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह ने भी 2 विकेट लेकर उनका साथ दिया, लेकिन अन्य गेंदबाजों की रन गति पर लगाम न लग पाने के कारण दक्षिण अफ्रीका एक बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
हालांकि, असली निराशा तब हाथ लगी जब भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी। बुमराह की शानदार गेंदबाजी से मिली लय को बल्लेबाज बरकरार नहीं रख सके और निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाते रहे।
शिवम दुबे को छोड़ हर कोई पिच पर संघर्ष करता दिखा

188 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के सामने भारतीय शीर्ष क्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा। अभिषेक शर्मा (15) और सूर्यकुमार यादव (18) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि ईशान किशन और फिनिशर रिंकू सिंह अपना खाता तक नहीं खोल सके।
ये भी पढ़ें: मैदान वही, पहचान नई! बेंगलुरु में अब ‘कुंबले छोर’ से होगी गेंदबाजी और ‘द्रविड़ स्टैंड’ से लगेंगे चौके
शिवम दुबे ने 42 रनों की जुझारू पारी खेलकर हार के अंतर को कम करने की कोशिश की, लेकिन हार्दिक पांड्या (18) के जल्दी आउट होने के साथ ही भारत की उम्मीदें खत्म हो गई। पूरी टीम दबाव के आगे घुटने टेक गई और सुपर-8 का सफर एक शर्मनाक हार के साथ शुरू हुआ।

अजय सिंह, पिछले 4 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अनुभव रखते हैं। राजनीति, खेल, बिजनेस और नेशनल न्यूज़ पर खास पकड़ है। फिलहाल Hind 24 के लिए कार्यरत हैं।


