March 28, 2026
सुबह हेल्दी रूटीन अपनाते व्यक्ति

सही मॉर्निंग रूटीन से दिन की बेहतर शुरुआत | Image - Freepik

सुबह उठते ही की जाने वाली कुछ आम गलतियां जैसे फोन देखना, जल्दबाजी और कॉफी पीना शरीर में तनाव बढ़ा सकती हैं, इसलिए डॉक्टर संतुलित और शांत मॉर्निंग रूटीन अपनाने की सलाह देते हैं।

Morning Routine Mistakes Alert:आजकल परफेक्ट मॉर्निंग रूटीन का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। लोग सुबह जल्दी उठने, वर्कआउट करने, ईमेल चेक करने और कॉफी पीने को एक हेल्दी लाइफस्टाइल मानते हैं। सोशल मीडिया पर भी “प्रोडक्टिव मॉर्निंग” का चलन काफी लोकप्रिय हो चुका है। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि इन आदतों को गलत तरीके और जल्दबाजी में अपनाने से शरीर को फायदा नहीं, बल्कि नुकसान हो सकता है।

अचानक एक्टिव होना क्यों है नुकसानदायक

विशेषज्ञों के अनुसार, इंसान का शरीर नींद से सीधे एक्टिव मोड में नहीं जाता। उसे एक ट्रांजिशन यानी धीरे-धीरे बदलाव की जरूरत होती है। अगर यह ब्रिज नहीं मिलता, तो शरीर पर तनाव बढ़ सकता है। रिसर्च में पाया गया है कि अचानक एक्टिव होने से कॉर्टिसोल (Stress Hormone) का स्तर बढ़ जाता है, जिससे मूड और फोकस प्रभावित होते हैं।

उठते ही फोन देखना बन रहा खतरा

आजकल ज्यादातर लोग सुबह उठते ही सबसे पहले फोन चेक करते हैं। अलार्म बंद करते ही सोशल मीडिया, मैसेज या ईमेल देखने लगते हैं। डॉक्टरों के अनुसार, इससे दिमाग तुरंत हाई अलर्ट मोड में चला जाता है। इसका असर यह होता है कि दिन की शुरुआत ही तनाव और बेचैनी के साथ होती है, जिससे चिड़चिड़ापन और मानसिक थकान बढ़ सकती है।

ज्यादा प्रोडक्टिव बनने की चाह बढ़ा रही तनाव

विशेषज्ञ बताते हैं कि आजकल लोगों में सुबह के समय ज्यादा से ज्यादा काम करने का दबाव बढ़ गया है। लोग उठते ही वर्कआउट, प्लानिंग और डिजिटल एक्टिविटी शुरू कर देते हैं। लेकिन शरीर को इस तरह के अचानक दबाव की आदत नहीं होती। बिना तैयारी के की गई एक्टिविटी शरीर में तनाव को बढ़ा सकती है और दिनभर की ऊर्जा को प्रभावित कर सकती है।

ये भी पढ़ें:घर पर अंगूर से बनाएं ताजी किशमिश, जानें 1 किलो के लिए कितना अंगूर जरूरी

खराब नींद बिगाड़ देती है सुबह

डॉक्टरों का मानना है कि अच्छी सुबह की शुरुआत के लिए अच्छी नींद बेहद जरूरी है। अगर रात को देर तक फोन चलाया जाए या नींद पूरी न हो, तो इसका असर सुबह की ऊर्जा, मूड और निर्णय लेने की क्षमता पर पड़ता है। खराब नींद के कारण व्यक्ति दिनभर थकान और फोकस की कमी महसूस करता है।

उठते ही कॉफी पीना सही या गलत?

कई लोग सुबह उठते ही सबसे पहले कॉफी पीते हैं, लेकिन यह आदत भी नुकसानदायक हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, 6-8 घंटे की नींद के बाद शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है। ऐसे में सबसे पहले पानी पीना जरूरी होता है। पानी पीने से शरीर हाइड्रेट होता है, दिमाग बेहतर काम करता है और थकान भी कम होती है।

सुबह का पहला घंटा क्यों है खास

डॉक्टरों के मुताबिक, सुबह उठने के बाद का पहला एक घंटा शरीर के लिए सबसे अहम होता है। इसी दौरान शरीर का सर्केडियन रिदम सेट होता है, जो पूरे दिन की एनर्जी और मूड को नियंत्रित करता है। अगर इस समय जल्दबाजी की जाए, तो पूरे दिन थकान और फोकस की कमी बनी रह सकती है।

कैसी होनी चाहिए सही मॉर्निंग रूटीन

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सुबह की शुरुआत धीरे और शांत तरीके से करनी चाहिए। उठने के बाद कुछ मिनट आराम से बैठें, गहरी सांस लें और शरीर को एक्टिव होने का समय दें। इसके बाद एक गिलास पानी पिएं, हल्की धूप लें और स्ट्रेचिंग से शुरुआत करें। वर्कआउट या अन्य गतिविधियों को धीरे-धीरे शामिल करें।

ये भी पढ़ें:रात में सीने में दर्द: इसे हल्के में लेना पड़ सकता है भारी, जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

फोन से दूरी और शांत शुरुआत जरूरी

डॉक्टरों का कहना है कि सुबह उठते ही फोन का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। दिन की शुरुआत शांत और आसान कामों से करें, जैसे ध्यान, हल्की वॉक या प्लानिंग। इससे न केवल मानसिक शांति मिलती है, बल्कि पूरे दिन की उत्पादकता भी बेहतर होती है।

खबर शेयर करें: