
भारत मंडपम में AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन | Image Video Grab
Youth Congress Protest AI Summit: दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित India AI Impact Summit 2026 के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कार्यक्रम स्थल के भीतर घुसकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सम्मेलन में देश-विदेश से आए प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति-निर्माता मौजूद थे। इसी बीच अचानक हुए हंगामे ने आयोजन की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। आयोजन स्थल पर कुछ देर के लिए कार्यक्रम बाधित रहा और मौजूद मेहमानों में असहजता देखी गई।
पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए और केंद्र सरकार की विदेश नीति को निशाने पर लिया। यूथ कांग्रेस का आरोप था कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील में देशहित से समझौता किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान ‘कम्प्रोमाइज्ड पीएम’ जैसे नारे लगाए गए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा। कुछ ही मिनटों में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
सोशल मीडिया पर यूथ कांग्रेस का तीखा हमला
इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सरकार और प्रधानमंत्री की विदेश नीति पर सवाल उठाए। पोस्ट में कहा गया कि जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो जाए तो सच्चाई सामने लाना जरूरी हो जाता है।
ये भी पढ़ें: उत्तर भारत में समय से पहले लौटेगी लू? मौसम के बदलते मिजाज में छिपे हैं बड़े संकट के संकेत!”
यूथ कांग्रेस ने दावा किया कि उनके कार्यकर्ता देश की अस्मिता के लिए आवाज उठा रहे थे। इस पोस्ट के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई और मामला सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।
QR कोड एंट्री से अंदर पहुंचे प्रदर्शनकारी

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदर्शन करने वाले चारों कार्यकर्ता QR कोड आधारित एंट्री सिस्टम के जरिए कार्यक्रम स्थल में दाखिल हुए थे। उनकी पहचान कृष्णा हरि (राष्ट्रीय सचिव), कुंदन यादव (बिहार राज्य सचिव), अजय कुमार (उत्तर प्रदेश राज्य उपाध्यक्ष) और नरसिम्हा यादव (राष्ट्रीय समन्वयक) के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें: AI Impact Summit में भारत के लिए 5 मेगा इनवेस्टमेंट डील्स, बदलेगा टेक्नोलॉजी का भविष्य!
सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि उच्च स्तरीय आयोजन में इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रदर्शनकारी भीतर कैसे पहुंचे। आयोजकों की सुरक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
बीजेपी का पलटवार और राहुल गांधी पर निशाना
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई सम्मेलन की मेजबानी कर रहा था, तब कांग्रेस ने उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने इसे भारत को वैश्विक मंच पर शर्मिंदा करने वाला कदम बताया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से इस तरह की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें: PM मोदी ने दी रमजान की मुबारकबाद, कहा- समाज में प्यार और शांति बनी रहे!
बीजेपी ने बताया देश विरोधी हरकत
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस पूरे घटनाक्रम को देश की छवि धूमिल करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत का अपमान करना लोकतांत्रिक विरोध नहीं हो सकता।
उनके मुताबिक, ऐसे प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख को नुकसान पहुंचता है। बीजेपी नेताओं ने मांग की कि इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी अंतरराष्ट्रीय आयोजन में इस तरह का व्यवधान न हो।

अजय सिंह, पिछले 4 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अनुभव रखते हैं। राजनीति, खेल, बिजनेस और नेशनल न्यूज़ पर खास पकड़ है। फिलहाल Hind 24 के लिए कार्यरत हैं।


