
अब IRCTC पर टिकट बुक करने से पहले आधार वेरिफिकेशन जरूरी | Image Source - Pexels
IRCTC Train Booking News: अगली बार जब आप ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करने जाएं, तो पहले अपना अकाउंट जरूर चेक कर लें। सरकारी कंपनी भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (IRCTC) ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है।
अब यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले अपने IRCTC अकाउंट को आधार से वेरिफाई कराना अनिवार्य होगा। यह नियम खासतौर पर उन यात्रियों के लिए बेहद जरूरी है जो तत्काल टिकट या यात्रा से करीब दो महीने पहले खुलने वाली बुकिंग का फायदा उठाते हैं।
फर्जीवाड़े पर कसता शिकंजा

रेल मंत्रालय के अधीन काम करने वाली कंपनी IRCTC ने साफ किया है कि आधार वेरिफिकेशन की यह नई व्यवस्था फर्जी अकाउंट और दलालों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए लागू की गई है। रेल मंत्रालय का कहना है कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम का गलत इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा था, जिससे असली यात्रियों को नुकसान उठाना पड़ता था।
ये भी पढ़ें: AI Summit में सियासी संग्राम: यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उतारी टी-शर्ट, बीजेपी ने बताया देश विरोधी हरकत
अब आधार से जुड़े अकाउंट के जरिए केवल असली यात्रियों को ही टिकट बुक करने का मौका मिलेगा। इससे तत्काल और एडवांस बुकिंग के दौरान टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
ARP बुकिंग में बड़ा बदलाव
IRCTC ने स्पष्ट कर दिया है कि एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) खुलने के दिन अब वही यात्री टिकट बुक कर सकेंगे, जिनका अकाउंट आधार से वेरिफाइड होगा। यानी जिन यात्रियों ने अब तक आधार लिंक नहीं कराया है, वे यात्रा से लगभग दो महीने पहले खुलने वाली बुकिंग में टिकट नहीं ले पाएंगे। इस फैसले का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सीटें असली यात्रियों को मिलें और एक ही व्यक्ति कई फर्जी अकाउंट बनाकर टिकट ब्लॉक न कर सके।
तुरंत टिकट, अब तुरंत OTP

ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार आधारित OTP वेरिफिकेशन की व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है। इस प्रक्रिया के तहत टिकट बुक करते समय यात्रियों के आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाता है, जिसे भरने के बाद ही टिकट कन्फर्म किया जा सकता है। IRCTC का दावा है कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद दलालों की पकड़ कमजोर हुई है और आम यात्रियों को तत्काल टिकट मिलने की संभावना बढ़ी है।
ये भी पढ़ें: उत्तर भारत में समय से पहले लौटेगी लू? मौसम के बदलते मिजाज में छिपे हैं बड़े संकट के संकेत!
नियम बदले तो नतीजे बदले
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में जानकारी देते हुए बताया था कि जिन ट्रेनों में आधार आधारित OTP सिस्टम लागू किया गया, वहां कन्फर्म तत्काल टिकट मिलने का समय करीब 65 प्रतिशत तक बढ़ गया है। इससे साफ है कि नई व्यवस्था से सिस्टम ज्यादा पारदर्शी हुआ है और टिकटों का गलत तरीके से कब्जा करने वालों पर असर पड़ा है।
बुकिंग से पहले यह काम जरूरी
अगर आप भी अक्सर ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं, तो अभी अपने IRCTC अकाउंट को आधार से वेरिफाई करा लें। इससे आपको तत्काल टिकट बुक करते समय या ARP खुलने के पहले दिन टिकट लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर जाकर कुछ आसान स्टेप्स में आधार लिंकिंग पूरी की जा सकती है। यह छोटा सा कदम भविष्य में आपकी यात्रा को आसान बना सकता है।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


