March 30, 2026
देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की भीड़

महाशिवरात्रि पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़..

Happy Mahashivratri: महाशिवरात्रि के अवसर पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा।

Deoghar Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही देश के अलग-अलग राज्यों से आए शिवभक्त देवघर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में केवल शिवभक्ति की गूंज सुनाई दे रही थी। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरी बाबा नगरी शिवमय हो उठी। अनुमान के मुताबिक 1.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर जलार्पण किया।

तीन किलोमीटर दूर तक लंबी कतारें

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर दूर तक लंबी कतारें लग गईं। भक्तों को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश दिलाने के लिए प्रशासन ने बीएड कॉलेज से तिवारी चौक, पंडित शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क और क्यू कॉम्प्लेक्स होते हुए दर्शन की व्यवस्था की। हर रास्ते पर पुलिस बल और स्वयंसेवक तैनात रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कतार में खड़े श्रद्धालु घंटों इंतजार करने के बावजूद भक्ति भाव से ओत-प्रोत नजर आए।

सुबह 4:30 बजे शुरू हुआ जलार्पण

सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद प्रातः 4:30 बजे से आम श्रद्धालुओं का जलार्पण शुरू कराया गया। यह सिलसिला देर रात तक लगातार चलता रहा। मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बैरिकेडिंग, पीने के पानी, प्राथमिक चिकित्सा और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई थी। भीड़ अधिक होने के बावजूद जलार्पण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया गया, जिससे भक्तों में संतोष दिखाई दिया।

ये भी पढ़ें: पहाड़ों में कोहरे का अलर्ट, राजधानी में बढ़ेगी गर्माहट; 18 फरवरी को हल्की बारिश के आसार

शीघ्र दर्शनम में भी भारी भीड़

भक्तों की संख्या अधिक होने के कारण शीघ्र दर्शनम की कतार मंदिर परिसर से बाहर निकलकर पेड़ा गली होते हुए सब्जी मंडी तक पहुंच गई। महाशिवरात्रि के अवसर पर शीघ्र दर्शनम का शुल्क 600 रुपये प्रति श्रद्धालु निर्धारित किया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम के माध्यम से बाबा के दर्शन किए। घंटों कतार में खड़े रहने के बाद जब भक्तों को बाबा भोलेनाथ के दर्शन हुए तो उनके चेहरे पर संतोष और श्रद्धा साफ झलक रही थी।

वीआईपी पूजा पर पूर्ण प्रतिबंध

महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने वीआईपी पूजा पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। वीआईपी प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया गया, ताकि कोई भी श्रद्धालु विशेष मार्ग से प्रवेश न कर सके। सभी भक्तों को समान रूप से कतार में लगकर दर्शन कराए गए। इस निर्णय का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया और व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सराहना भी की।

खबर शेयर करें: