थायराइड ठीक करना है तो पहले सुधारें ये 5 गलतियां, आयुर्वेदिक डॉक्टर ने दी खास सलाह

Thyroid Control Tips: थायराइड की समस्या में केवल दवाएं ही नहीं, बल्कि सही लाइफस्टाइल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आयुर्वेदिक डॉक्टर दिक्षा भवसार ने गट हेल्थ, तनाव नियंत्रण, अच्छी नींद, संतुलित पोषण और नियमित दवा सहित 5 ऐसे बदलाव बताए हैं जो थायराइड को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद कर सकते हैं।
by

Thyroid Control Tips Hindi: थायराइड की समस्या आज बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित कर रही है, जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक बताई जाती है। थायराइड ग्लैंड शरीर में T3 और T4 हार्मोन बनाती है, जो पाचन, हार्ट रेट, सांस लेने की प्रक्रिया, शरीर के तापमान और मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। जब इन हार्मोन का स्तर असंतुलित हो जाता है तो हाइपोथायराइडिज्म या हाइपरथायराइडिज्म जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर दिक्षा भवसार के अनुसार केवल दवाएं ही पर्याप्त नहीं होतीं, बल्कि कुछ जरूरी लाइफस्टाइल बदलाव भी करने चाहिए।

1. गट हेल्थ को बेहतर बनाएं

डॉक्टर के मुताबिक शरीर का करीब 70 प्रतिशत इम्यून सिस्टम गट से जुड़ा होता है। इसलिए पाचन तंत्र को स्वस्थ रखना जरूरी है। इसके लिए दिन की शुरुआत गुनगुने धनिया पानी से करने, ताजा भोजन खाने और बासी भोजन से बचने की सलाह दी गई है। भोजन को अच्छी तरह चबाकर और बिना किसी ध्यान भटकाने वाली चीज के खाना भी फायदेमंद माना गया है।

2. तनाव को कम करने की कोशिश करें

तनाव बढ़ने पर शरीर में सूजन और ऑटोइम्यून समस्याओं का असर बढ़ सकता है। इसलिए योग और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना, पसंदीदा काम करना और रोजमर्रा की जिंदगी को सरल रखना भी मददगार माना गया है।

ये भी पढ़ें: क्या जामुन की गुठली का काढ़ा सच में घटाता है ब्लड शुगर? जानिए एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं

3. बॉडी क्लॉक को संतुलित रखें

थायराइड, हार्मोन और इम्यून सिस्टम शरीर की प्राकृतिक जैविक घड़ी के साथ काम करते हैं। पर्याप्त नींद नहीं लेने से शरीर की कई प्रक्रियाएं प्रभावित हो सकती हैं। डॉक्टर ने रात 10 से 10:30 बजे के बीच सोने, सुबह धूप लेने और रोज एक ही समय पर सोने-जागने की सलाह दी है। साथ ही सोने से एक घंटा पहले स्क्रीन का उपयोग बंद करने को कहा गया है।

4. पोषण की कमी दूर करें

विटामिन डी, विटामिन बी12, आयरन, सेलेनियम, जिंक और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व थायराइड के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। इनके लिए रोज 15 से 20 मिनट धूप लेने, बादाम, खजूर, काले किशमिश, तिल और पंपकिन सीड्स जैसे खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करने की सलाह दी गई है। मौसमी फल-सब्जियां और सीमित मात्रा में घी का सेवन भी फायदेमंद बताया गया है।

ये भी पढ़ें: अगर चाहते हैं मजबूत Bones और Active Body, तो आज से ही शुरू करें ये ड्राई फ्रूट खाना

5. दवाओं का सेवन नियमित रखें

आयुर्वेदिक डॉक्टर का कहना है कि लाइफस्टाइल में सुधार के साथ थायराइड की दवाओं को नियमित रूप से लेना भी जरूरी है। किसी भी सप्लीमेंट या दवा का उपयोग डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए। सही दिनचर्या, संतुलित पोषण और नियमित उपचार मिलकर थायराइड को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं।

Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। थायराइड या किसी भी स्वास्थ्य समस्या से जुड़ा कोई भी निर्णय लेने से पहले योग्य डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

खबर शेयर करें: