March 29, 2026
यूपीएससी 2025 में 152वीं रैंक पाने वाले देव डुडेजा

चंदौसी के देव डुडेजा ने यूपीएससी 2025 में हासिल की 152वीं रैंक..

UPSC Result 2025: यूपीएससी 2025 में संभल जिले के चंदौसी निवासी देव डुडेजा ने चौथे प्रयास में ऑल इंडिया 152वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।

UPSC Result 2025 Sambhal: संभल जिले के चंदौसी स्थित पंजाबी कॉलोनी के रहने वाले देव डुडेजा की सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। एक साधारण परिवार से आने वाले देव ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, अगर लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता जरूर मिलती है। UPSC 2025 के घोषित परिणाम में 152वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपने परिवार और शहर के लिए गौरव का क्षण बना दिया है।

चाय की दुकान चलाते हैं पिता

देव डुडेजा के पिता इंद्रमोहन डुडेजा अपने दोनों बड़े भाइयों प्रेम डुडेजा और ब्रजमोहन डुडेजा के साथ एसएम डिग्री कॉलेज के सामने चाय की दुकान चलाते हैं। साधारण आर्थिक स्थिति के बावजूद परिवार ने हमेशा देव की पढ़ाई और सपनों को पूरा करने में पूरा साथ दिया। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे शहर में गर्व का माहौल है।

चौथे प्रयास की तैयारी

देव डुडेजा ने यूपीएससी परीक्षा में लगातार प्रयास जारी रखा

देव डुडेजा ने यूपीएससी परीक्षा में लगातार प्रयास जारी रखा। तीसरे प्रयास में वर्ष 2025 में उन्हें 327वीं रैंक मिली थी, जिसके बाद उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में हुआ था। फिलहाल वह नागपुर में ज्वाइंट कमिश्नर पद के लिए दिसंबर 2025 से शुरू हुई 15 माह की ट्रेनिंग कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने चौथे प्रयास की तैयारी जारी रखी और इस बार 152वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की।

स्कूल से ही पढ़ाई में रहे मेधावी

देव डुडेजा ने वर्ष 2018 में आरआरके स्कूल से पीसीएम ग्रुप में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वर्ष 2021 में पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया। कॉलेज के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी और उसी दिशा में लगातार मेहनत करते रहे।

ये भी पढ़ें: एसपी सुभाष चंद्र गंगवार के बेटे सृजित गंगवार बने UPSC टॉपर, हासिल की ऑल इंडिया रैंक 84

दिल्ली में की यूपीएससी की तैयारी

ग्रेजुएशन के दौरान देव ने दिल्ली के बाजीराम कोचिंग सेंटर से यूपीएससी की कोचिंग ली। वर्ष 2022 में उन्होंने यूपीएससी मेन्स परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन साक्षात्कार में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और तैयारी जारी रखी। वर्ष 2023 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई भी शुरू कर दी।

नागपुर ट्रेनिंग के दौरान जारी रखी तैयारी

जून 2024 में देव ने प्री परीक्षा पास की और सितंबर में मेन्स की परीक्षा दी। मार्च 2025 में उनका साक्षात्कार हुआ था, जिसमें उन्हें 327वीं रैंक मिली थी। इसके बाद नागपुर में आईआरएस ट्रेनिंग के दौरान भी उन्होंने चौथे प्रयास की तैयारी जारी रखी और 11 फरवरी 2026 को दिल्ली में साक्षात्कार दिया। शुक्रवार को जब परिणाम घोषित हुआ तो उन्होंने 152वीं रैंक हासिल कर अपनी मेहनत को नई ऊंचाई दे दी।

परिवार में शिक्षा का माहौल

परिवार में शिक्षा का माहौल

देव की मां चंद्रप्रभा कंपोजिट विद्यालय ग्राम मई में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनके छोटे भाई संकेत डुडेजा मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी और देव की सफलता में उनका बड़ा योगदान रहा।

सादगी भरी पसंद और खेलों में रुचि

देव डुडेजा को खाने में राजमा चावल बेहद पसंद है और खेलों में क्रिकेट खेलना उन्हें अच्छा लगता है। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अपने शौक भी बनाए रखे, जिससे मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिली।

ये भी पढ़ें: अमरोहा की बेटी का कमाल! UPSC Result 2025 में सुरभि यादव ने हासिल की AIR-14

युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

यूपीएससी में सफलता हासिल करने के बाद देव डुडेजा ने युवाओं को संदेश दिया कि जो भी लक्ष्य तय करें, उसे पूरी एकाग्रता और लगन के साथ हासिल करने का प्रयास करें। उनका कहना है कि लगातार मेहनत और धैर्य से ही सफलता मिलती है। अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदारी से किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है।

ये भी पढ़ें: यूपी वालों सावधान! मार्च में ही शुरू हुआ ‘लू’ का तांडव, इस शहर ने तोड़ा रिकॉर्ड; पारा 37 डिग्री के पार

चचेरे भाई से मिली प्रेरणा

देव डुडेजा ने बताया कि उन्हें यूपीएससी की तैयारी करने की प्रेरणा अपने चचेरे भाई से मिली थी। उसी प्रेरणा ने उन्हें सिविल सेवा की राह पर आगे बढ़ाया और आज उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में शानदार सफलता हासिल की है।

खबर शेयर करें: