March 29, 2026
यूपीएससी टॉपर अनुज अग्निहोत्री

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में देश में पहला स्थान हासिल करने वाले अनुज अग्निहोत्री

UPSC CSE Topper: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में राजस्थान के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर देश में टॉप किया है।

UPSC CSE Topper 2025: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित होते ही राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए। अनुज ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पहला स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।

अनुज कोटा के पास स्थित रावतभाटा के रहने वाले हैं और उनकी शुरुआती पढ़ाई भी यहीं से हुई। उनकी सफलता की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर प्रशासनिक और शैक्षणिक हलकों में उनकी जमकर चर्चा हो रही है।

AIIMS जोधपुर से किया MBBS

अनुज अग्निहोत्री की शैक्षणिक यात्रा भी काफी शानदार रही है। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई रावतभाटा परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से पूरी की। 12वीं कक्षा में उन्होंने 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने मेडिकल क्षेत्र को चुना और जोधपुर जाकर एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की।

ये भी पढ़ें: India Post GDS Result 2026 मेरिट लिस्ट पर आया बड़ा अपडेट, बस एक क्लिक में देखें अपना रिजल्ट

वर्ष 2023 में एमबीबीएस पूरा करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। मेडिकल जैसे कठिन कोर्स के बाद प्रशासनिक सेवा की तैयारी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अनुशासन और समर्पण के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल कर लिया।

तीसरे प्रयास में मिली ऐतिहासिक सफलता

अनुज अग्निहोत्री के लिए यूपीएससी का सफर आसान नहीं था। उन्होंने इससे पहले भी सिविल सेवा परीक्षा पास की थी और उन्हें दानिक्स कैडर मिला था। हालांकि उनका लक्ष्य आईएएस बनना था, इसलिए उन्होंने दोबारा प्रयास करने का फैसला किया। लगातार मेहनत और बेहतर रणनीति के साथ तीसरे प्रयास में उन्होंने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि को देखकर कई युवा प्रेरित हो रहे हैं।

परिवार और स्कूल से मिला मजबूत आधार

अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की यूनिट 1 और 2 में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर उनका साथ दिया। अनुज की सफलता के बाद उनके परिवार और शिक्षकों में भी काफी खुशी का माहौल है। रावतभाटा के लोगों के लिए भी यह गर्व का क्षण है कि उनके क्षेत्र का एक युवक देश की सबसे कठिन परीक्षा में टॉप कर गया।

ये भी पढ़ें: IBPS Clerk Mains Result 2026 घोषित: जानें कैसे करें स्कोरकार्ड डाउनलोड!

पढ़ाई के साथ खेल और मनोरंजन भी रहे पसंद

अनुज अग्निहोत्री सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहे। उन्हें टेबल टेनिस खेलना बेहद पसंद है। इसके अलावा वह क्रिकेट देखना और स्टैंडअप कॉमेडी देखना भी पसंद करते हैं। उनका मानना है कि पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। यही कारण है कि उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान भी अपने पसंदीदा शौक को पूरी तरह नहीं छोड़ा।

सिविल सेवा क्यों चुनी, इंटरव्यू में बताया कारण

सोशल मीडिया पर वायरल एक मॉक इंटरव्यू में अनुज अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने सिविल सेवा इसलिए चुनी क्योंकि उन्हें इस सेवा का काम करने का तरीका और प्रकृति पसंद है। उनके अनुसार सिविल सेवा में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलता है और यह कभी नीरस नहीं होती। उन्होंने कहा कि वह ऐसा करियर चाहते थे जिसमें समाज के लिए काम करने का अवसर हो और जहां जिम्मेदारियां भी विविध प्रकार की हों।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी बधाई

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी अनुज अग्निहोत्री को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में पहला स्थान हासिल कर अनुज ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

इस साल 958 उम्मीदवार हुए सफल

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में कुल 1087 पदों के लिए 958 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। इनमें 317 सामान्य वर्ग, 104 ईडब्ल्यूएस, 306 ओबीसी, 158 एससी और 73 एसटी वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा आयोग ने 258 उम्मीदवारों को रिजर्व सूची में रखा है। कुछ उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल प्रोविजनल रखी गई है और दो उम्मीदवारों का रिजल्ट रोक दिया गया है।

ये भी पढ़ें: सीए फाइनल रिजल्ट घोषित, Direct Link से चेक करें अपना स्कोरकार्ड

जनवरी से फरवरी तक चले थे इंटरव्यू

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के इंटरव्यू 5 जनवरी 2026 से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 तक चले। मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 2736 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। अंतिम मेरिट सूची मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई है। आयोग के अनुसार परिणाम जारी होने के 15 दिनों के भीतर उम्मीदवारों के अंक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

आईएएस, आईपीएस और अन्य सेवाओं में होगी भर्ती

इस वर्ष यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के जरिए कुल 1087 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें आईएएस के 180, आईएफएस के 55 और आईपीएस के 150 पद शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय राजस्व सेवा, भारतीय रेलवे लेखा सेवा, भारतीय डाक सेवा और कई अन्य केंद्रीय सेवाओं में भी चयन किया जाएगा। हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में बैठते हैं और इसे देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक माना जाता है।

खबर शेयर करें: