PM Ujjwala Yojana 2026: देश में बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PM Ujjwala Yojana 2026) करोड़ों परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के तहत 10.55 करोड़ से अधिक महिलाओं को घरेलू LPG सिलेंडर बाजार मूल्य से 300 रुपये कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रसोई गैस की सुविधा किफायती दरों पर मिल रही है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में घरेलू LPG उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 33 करोड़ तक पहुंच चुकी है। वर्ष 2014 में यह संख्या करीब 14.52 करोड़ थी। सरकार का लक्ष्य स्वच्छ ईंधन को हर घर तक पहुंचाना और पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करना है।
बाजार से 300 रुपये सस्ता मिल रहा सिलेंडर

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वर्तमान बाजार मूल्य की तुलना में प्रति सिलेंडर 300 रुपये की अतिरिक्त राहत मिल रही है। उदाहरण के तौर पर दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू LPG सिलेंडर सामान्य उपभोक्ताओं को लगभग 913 रुपये में मिलता है, जबकि उज्ज्वला योजना की पात्र महिलाओं को यही सिलेंडर मात्र 613 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कीमत LPG की वास्तविक सप्लाई लागत से भी काफी कम है। ऐसे में योजना का लाभ लेने वाले परिवारों के मासिक घरेलू खर्च में उल्लेखनीय कमी आती है।
सरकार और तेल कंपनियां उठा रही हैं आर्थिक बोझ
LPG सिलेंडर पर दी जा रही सब्सिडी और नियंत्रित कीमतों का वित्तीय बोझ तेल विपणन कंपनियों पर पड़ता है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में इन कंपनियों को लगभग 41,338 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। चालू वर्ष में यह आंकड़ा बढ़कर करीब 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इस आर्थिक भार को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने चालू वर्ष में लगभग 30,000 करोड़ रुपये के मुआवजे का प्रावधान किया है। सरकार का कहना है कि गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें: घर बैठे आसान हुआ LPG Subsidy चेक करना, मोबाइल नंबर से जानिए खाते में पैसा आया या नहीं
कौन कर सकता है उज्ज्वला योजना के लिए आवेदन
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PM Ujjwala Yojana 2026) के तहत आवेदन करने के लिए महिला की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। साथ ही उसके परिवार में पहले से कोई LPG कनेक्शन नहीं होना चाहिए। योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र परिवारों की महिलाओं के लिए संचालित की जा रही है। इच्छुक महिलाएं अपने नजदीकी गैस डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाते का विवरण और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करना होता है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

- निर्धारित KYC आवेदन फॉर्म भरना होगा।
- आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करनी होगी।
- निवास प्रमाण पत्र (Address Proof) देना होगा।
- राशन कार्ड की प्रति जमा करनी होगी।
- परिवार के सदस्यों की जानकारी से संबंधित दस्तावेज आवश्यक होंगे।
- प्रवासी (माइग्रेंट) आवेदकों को स्व-घोषणा पत्र देना होगा।
- बैंक पासबुक की फोटोकॉपी या कैंसिल चेक संलग्न करना होगा।
- सब्सिडी सीधे बैंक खाते में भेजने के लिए बैंक विवरण देना अनिवार्य है।
ये भी पढ़ें: बिना फीस IAS-PCS की तैयारी का सुनहरा मौका, 18 जून तक करें आवेदन
योजना के तहत मिलती हैं कई मुफ्त सुविधाएं
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PM Ujjwala Yojana 2026) केवल गैस कनेक्शन तक सीमित नहीं है। पात्र लाभार्थियों को बिना सिक्योरिटी डिपॉजिट के LPG कनेक्शन उपलब्ध कराया जाता है। सरकार 14.2 किलोग्राम सिलेंडर कनेक्शन पर 2,050 रुपये और 5 किलोग्राम सिलेंडर कनेक्शन पर 1,300 रुपये तक की वित्तीय सहायता देती है। इस सहायता में सिलेंडर की सिक्योरिटी राशि, प्रेशर रेगुलेटर, LPG पाइप, घरेलू उपभोक्ता कार्ड तथा इंस्टॉलेशन शुल्क शामिल हैं। इसके अलावा तेल विपणन कंपनियों की ओर से पहला भरा हुआ LPG सिलेंडर और गैस चूल्हा भी मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है।
स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल मानी जाती है। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है और पारंपरिक ईंधनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आई है। यदि आप पात्रता की शर्तें पूरी करते हैं, तो इस योजना के तहत आवेदन कर सस्ते LPG सिलेंडर और अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

दानियाल, एक अनुभवी मल्टीमीडिया पत्रकार हैं। Hind 24 की डिजिटल डेस्क पर सीनियर पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। Hind 24 पर तेज और विश्वसनीय अपडेट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।






