
न्यूजीलैंड को हराकर भारत बना टी20 विश्व कप 2026 का चैंपियन | Image - FB/@IndianCricketTeam
IND vs NZ Final 2026: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस शानदार जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
तीसरी बार टी20 चैंपियन बना भारत
इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप के इतिहास में तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया। इससे पहले भारत ने 2007 में पहले संस्करण में खिताब जीता था और फिर 2024 में भी चैंपियन बना था। अब 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने एक और सुनहरा अध्याय लिख दिया। इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव का नाम भी विश्व विजेता कप्तानों की सूची में शामिल हो गया।
भारत की धमाकेदार बल्लेबाजी, रिकॉर्ड्स की बरसात
फाइनल मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह हावी रही। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। एक समय भारत का स्कोर 15 ओवर के बाद 203 रन था और ऐसा लग रहा था कि टीम 300 रन के करीब पहुंच जाएगी। हालांकि 16वें ओवर में जेम्स नीशम ने लगातार तीन विकेट लेकर मैच का रुख कुछ देर के लिए बदल दिया, जिससे रन गति थोड़ी धीमी पड़ गई।
ये भी पढ़ें: कौन हैं अदिति हुंडिया? टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ईशान किशन ने गर्लफ्रेंड के साथ मनाया जश्न
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की तूफानी शुरुआत
भारत को इस फाइनल में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंद में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने शानदार फॉर्म में वापसी करते हुए सिर्फ 21 गेंद में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने मैच में भारत को मजबूत शुरुआत दिला दी।
सैमसन और ईशान किशन की शतकीय साझेदारी
अभिषेक के आउट होने के बाद संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हमला जारी रखा। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की शानदार साझेदारी निभाई। संजू सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया और शतक के करीब पहुंच गए, लेकिन वह 89 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी इस पारी में पांच चौके और आठ छक्के शामिल थे। वहीं ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंद में 54 रन बनाए।
आखिरी ओवरों में शिवम दुबे की तेजतर्रार पारी
मध्य ओवरों में थोड़ी गिरावट के बाद आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने शानदार बल्लेबाजी कर भारत को 250 रन के पार पहुंचाया। दुबे ने सिर्फ आठ गेंद में 26 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। आखिरी ओवर में भारत ने 24 रन बनाए और स्कोर 255 तक पहुंचा दिया। यह टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
न्यूजीलैंड की पारी जल्द सिमटी
256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए कीवी बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रन से मुकाबला जीत लिया।
साइफर्ट और सैंटनर ने दिखाई थोड़ी लड़ाई
न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट और मिचेल सैंटनर ने कुछ हद तक संघर्ष किया। साइफर्ट ने 26 गेंद में 52 रन की तेज पारी खेली, जबकि सैंटनर ने 35 गेंद में 43 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने 17 रन का योगदान दिया। इनके अलावा बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।

अजय सिंह, पिछले 4 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अनुभव रखते हैं। राजनीति, खेल, बिजनेस और नेशनल न्यूज़ पर खास पकड़ है। फिलहाल Hind 24 के लिए कार्यरत हैं।


