
दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद निशाने पर ये खिलाड़ी | Image - FB/@IndianCricketTeam
South Africa vs India: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड का आगाज भारतीय टीम के लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया महज 111 रनों पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों, विशेषकर मार्को यान्सेन और केशव महाराज ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा दीं। पूरी टीम में केवल शिवम दुबे ही अकेले संघर्ष करते दिखे, जिन्होंने 42 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से किसी का साथ न मिलना भारत को भारी पड़ गया।
1. ईशान किशन: उम्मीदों का ‘शून्य’ प्रदर्शन

भारतीय फैंस को उम्मीद थी कि ईशान किशन अपनी विस्फोटक फॉर्म को जारी रखेंगे, लेकिन उन्होंने सबसे ज्यादा निराश किया। चार गेंदों का सामना करने के बाद भी ईशान अपना खाता नहीं खोल सके और कप्तान एडेन मार्करम की गेंद पर रयान रिकेल्टन को कैच थमा बैठे। पहले ही ओवर में उनके इस विकेट ने टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेल दिया, जिससे टीम मैच में कभी उबर ही नहीं पाई।
ये भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका से हार के बाद फंसा सेमीफाइनल का पेच, क्या टीम इंडिया अब भी बन सकती है चैंपियन?
2. अभिषेक शर्मा: लगातार फ्लॉप शो जारी

अभिषेक शर्मा के लिए यह वर्ल्ड कप अब तक किसी डरावनी फिल्म जैसा रहा है। पिछली तीन पारियों में डक पर आउट होने के बाद, इस मैच में उन्होंने 15 रन जरूर बनाए, लेकिन उनकी पारी में वो जिम्मेदारी नजर नहीं आई जिसकी जरूरत थी। 12 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाने के बाद उन्होंने मार्को यान्सेन की गेंद पर अपना विकेट तोहफे में दे दिया। पावरप्ले में उनकी जल्दबाजी ने मिडिल ऑर्डर पर असहनीय दबाव बना दिया।
3. वॉशिंगटन सुंदर: मौके को भुनाने में रहे नाकाम

टीम मैनेजमेंट ने उपकप्तान अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर पर भरोसा जताया था, लेकिन सुंदर ने गेंद और बल्ले दोनों से निराश किया। बल्लेबाजी में वह 11 गेंदों में सिर्फ 11 रन बना सके, वहीं गेंदबाजी में भी उनका जादू नहीं चला। दो ओवरों में 17 रन लुटाने के बाद उनके हाथ एक भी विकेट नहीं लगा। उनकी इस फीकी परफॉर्मेंस ने चयनकर्ताओं के फैसले पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में टूटा करोड़ों फैंस का दिल! साउथ अफ्रीका ने भारत को दी शिकस्त!
4. हार्दिक पांड्या: ‘स्टार’ ऑलराउंडर का फीका प्रदर्शन

भारत की हार के सबसे बड़े कारणों में हार्दिक पांड्या का खराब दिन भी शामिल रहा। उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर के कोटे में 11.25 की इकोनॉमी से 45 रन लुटाए। जब बल्लेबाजी की बारी आई, तब भी वह संघर्ष करते दिखे। 17 गेंदों में 18 रन बनाकर जब वह आउट हुए, तब भारत की जीत की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई। मुश्किल समय में टीम को उनसे जिस ‘फिनिशिंग टच’ की जरूरत थी, वह पूरी तरह नदारद रहा।
5. वरुण चक्रवर्ती: मिस्ट्री स्पिनर की खुली पोल

अहमदाबाद की पिच पर जहाँ केशव महाराज ने तीन विकेट झटके, वहीं भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने चार ओवरों में 47 रन लुटाए। हालांकि उन्होंने डेविड मिलर का विकेट लिया, लेकिन तब तक मिलर ने 63 रनों की आतिशी पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका को एक विशाल स्कोर तक पहुँचा दिया था। डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स ने भी उनकी गेंदों पर जमकर रन बटोरे।

अजय सिंह, पिछले 4 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अनुभव रखते हैं। राजनीति, खेल, बिजनेस और नेशनल न्यूज़ पर खास पकड़ है। फिलहाल Hind 24 के लिए कार्यरत हैं।


